New Delhi (Namami Digital News Desk)
दिल्ली हॉट जनकपुरी में शुक्रवार को तीन दिवसीय आम महोत्सव की शुरूआत हुई।पर्यटन मंत्री आतिशी ने स्थानीय विधायकों के साथ आम महोत्सव का उद्घाटन किया। महोत्सव में लोगों आम के विभिन्न किस्मों से रूबरू होने के साथ-साथ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों और आम से जुड़ी प्रतियोगिताओं का लुत्फ उठाने का मौका मिलेगा। कोरोना के चलते तीन साल से आम महोत्सव का आयोजन बंद था।
इस मौके पर पर्यटन मंत्री आतिशी ने कहा कि पर्यटन विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा आम महोत्सव शहर में पर्यटन को बढ़ावा देने, जनसाधारण को आम की विभिन्न किस्मों से अवगत करवाने, छोटे-बड़े आम उत्पादकों को अपना व्यापार आगे बढ़ाने के लिए मंच प्रदान कर रहा है। साथ ही किसानों को आम की विभिन्न प्रजातिओं की पैदावार के लिए प्रोत्साहित करने की दिशा में भी यह अच्छा कदम है।
मुफ्त शटर सेवा
जनकपुरी दिल्ली हॉट में यह आयोजन 7-9 जुलाई के बीच होगा। इसमें सभी प्रवेश निशुल्क है। रोजाना दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आम महोत्सव चलेगा। इस दौरान यहां लोगों को आम खाने की प्रतियोगिता में शामिल होने का भी मौका मिलेगा। आम महोत्सव तक पहुंचने के लिए तिलक नगर मेट्रो स्टेशन से फ्री शटल सेवा की भी व्यवस्था की गई है। महोत्सव में अंगूर के आकार से लेकर पपीते के आकार तक के आम प्रदर्शित किए गए हैं।