
Namami Digital (News Desk )
मिट्टी के गणपति हों या फिटकरी के, जानिए कब और कैसे करें विसर्जन
आप भी अगर बप्पा की विदाई आज कर रहे हैं, तो नदी, झील, तालाब में विसर्जित करने की जगह घर पर ही विसर्जन करें। इससे पर्यावरण भी सुरक्षित रहेगा तीसरे, पांचवें, सातवें और दसवें दिन घर पर गणपति का विसर्जन होता है।
POP की जगह हमेशा मिट्टी के गणपति की ही स्थापना करें, लेकिन अगर आपने इस बार भी चमक-धमक में पड़कर POP के गणपति बिठाए हैं, तो पर्यावरण को नुकसान पहुंचाकर अपनी गलती को न दोहराएं। इन्हें घर पर ही विसर्जित करें।

ये है तरीका
- गणपति के साइज को ध्यान में रखते हुए एक बाल्टी लें।
- बाल्टी में इतना पानी डालें कि गणपति विसर्जित हो जाएं।
- पानी में अमोनियम बाइकार्बोनेट डालें और इसे घुलने दें।
- गणपति को बाल्टी में डालें और दो-दो घंटे में पानी को चलाते रहें।
- 48 घंटे बाद बाल्टी में दूध की तरह सफेद घोल बन जाएगा।
- इस पानी को खाली प्लॉट या मैदान में डाल दें।

अगर आपने मिट्टी के गणपति बनाते वक्त उनमें बीज डाल दी थी, तो ऐसे करें विसर्जन
- गणपति के साइज को ध्यान में रखते हुए एक गमला लें।
- इसमें साफ पानी भरें और गणपति को विसर्जित करें।
- गणपति जैसे ही डिजॉल्व होंगे, वैसे ही पानी में बीज दिखने लगेगा।
- इस बीज को गमले में रहने दें और थोड़ी एक्सट्रा मिट्टी डाल दें। समय-समय पर पानी दें।
- कुछ दिनों बाद एक खूबसूरत पौधा तैयार हो जाएगा।

आजकल कुछ जगहों पर फिटकरी वाले गणपति बनाए जाते हैं। जो पर्यावरण के लिए सही है। ये नया तरीका भी है। फिटकरी सल्फेट पानी में आसानी से घुल जाता है और वॉटर प्यूरीफायर का भी काम करता है।
ऐसे करें फिटकरी वाले गणपति का विसर्जन
- गणपति की पूजा करने के बाद टब, गमले या बाल्टी में साफ पानी भरें।
- गणपति को इसमें विसर्जित करें और इन्हें पानी में डिजॉल्व होने दें।
- डिजॉल्व होने के बाद पानी का इस्तेमाल अपने हिसाब से करें।

गणपति के विसर्जन से पहले, विसर्जन करते वक्त और करने के बाद इन बातों का ख्याल रखें
- विसर्जन से पहले गणपति की पूजा करते वक्त, उनकी पसंदीदा चीजें अर्पित करें।
- गणपति का विसर्जन शुभ मुहूर्त में करें।
- जब गणपति को विसर्जन के लिए ले जाएं, तब उन सारी चीजों को पोटली में बांध दें और गणेश जी के साथ ही विसर्जित कर दें।
- गणपति की जितने दिन भी आपने पूजा कि है, उतने दिन में जो भी भूल-चूक हुई, उसके लिए बप्पा से क्षमा मांगें।
- गणेश जी की मूर्ति हो या प्रतिमा, इन्हें पानी में धीरे-धीरे विसर्जित करें। एकदम से छोड़ें या पटकें नहीं।
- विसर्जन के वक्त आप श्री गणेश के मंत्रों का जाप भी करें, शुभ होगा।
- घर पर विसर्जन के बाद वाला पानी इधर-उधर न फेंकें या उसे किसी के पैर में न पड़ने दें। इस बात का खास ख्याल रखें।
- अगर आप इसे नदी या तालाब में बहाना चाहते हैं, तो ध्यान दें कि उस नदी या तालाब का पानी किसी नाले में तो नहीं जाता है।